Telegram Join our Telegram Channel for Daily Latest News Updates! Join Now ×

राम नाम की गूंज से राममय हुआ करैरा, 11 हजार कलशों के साथ उमड़ा आस्था का महासागर

मंगल कलश धारण कर निकलीं हजारों मातृशक्तियां, पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय हुईं नगर की गलियां; आज हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे बागेश्वर धाम सरकार

शिवपुरी ब्यूरो | करैरा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

सिर पर मंगल कलश, हृदय में प्रभु श्रीराम और अधरों पर जय श्रीराम का पावन उद्घोष…। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज, कहीं बैंड-बाजों की मधुर धुन, तो कहीं श्रद्धालुओं पर बरसते पुष्प। ऐसा अद्भुत दृश्य, मानो करैरा की धरती पर भक्ति की अविरल धारा उतर आई हो। शुक्रवार को करैरा में निकली विशाल कलश यात्रा ने सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामूहिक श्रद्धा का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। बगीचा धाम स्थित श्री राम राजा सरकार धाम में 24 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा से पहले पूरा नगर राममय नजर आया। आयोजकों के अनुसार, 11 हजार से अधिक मातृशक्तियों ने सिर पर कलश धारण किया और लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने इस भव्य यात्रा में सहभागिता निभाई।

मंगल कलशों के साथ निकली सनातन आस्था की भव्य यात्रा

शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे कृषि उपज मंडी परिसर स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ। श्रीराम कथा के प्रमुख यजमान श्रीमती सीमा एवं पंडित राजेश दुबे ‘भोला महाराज’ ने पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात पंडित राजेश दुबे ने श्रीरामचरितमानस का पवित्र ग्रंथ सिर पर धारण किया और विशाल कलश यात्रा आगे बढ़ी।

एक दर्जन डीजे, बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के बीच निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। सिर पर कलश धारण किए मातृशक्तियों की लंबी कतारें श्रद्धा और समर्पण का संदेश दे रही थीं। हर ओर भक्ति का उल्लास था, हर दिशा में राम नाम की गूंज सुनाई दे रही थी। करैरा के नागरिकों ने यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जगह-जगह हुए भव्य स्वागत ने इस धार्मिक आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।

दोपहर करीब एक बजे विशाल कलश यात्रा बगीचा धाम स्थित श्री राम राजा सरकार धाम पहुंची। यहां महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलशों को मंदिर परिसर में स्थापित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में करीब आधा सैकड़ा साधु-संतों की उपस्थिति रही। उज्जैन के प्रख्यात संत अद्भुत स्वामी श्री कृष्ण भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।

आज करैरा पहुंचेंगे बागेश्वर धाम सरकार, श्रीराम कथा का होगा शुभारंभ

कलश यात्रा के साथ ही अब श्रद्धालुओं की प्रतीक्षा उस पावन क्षण पर टिकी है, जब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रभु श्रीराम की महिमा और आदर्शों का वर्णन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार, 24 अक्टूबर को पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से करैरा हेलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर दो बजे से उनकी श्रीराम कथा प्रारंभ होगी, जो 30 अक्टूबर तक चलेगी।

श्रीराम कथा को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के करैरा पहुंचने की संभावना है। संत-महात्माओं, जगद्गुरुओं, महामंडलेश्वरों, कथावाचकों, कर्मकांड के विद्वानों, ज्योतिषाचार्यों, राजनेताओं और मीडिया प्रतिनिधियों के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना जताई गई है।

26 बीघा में सजा विशाल कथा पंडाल, 8 बीघा में भोजनशाला

प्रभु श्रीराम की कथा के श्रवण के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रमुख यजमान पंडित राजेश दुबे ‘भोला महाराज’ के अनुसार, करीब 26 बीघा भूमि में विशाल डोम तैयार किया गया है। आयोजकों के दावे के मुताबिक, इसमें एक साथ दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त आठ बीघा क्षेत्र में भोजनशाला बनाई गई है, जहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था रहेगी।

श्री प्रभु राम हनुमान मानव सेवा समिति, सर्व समाज समिति, ब्राह्मण समाज करैरा और आयोजन समिति के करीब एक हजार सदस्य सेवा कार्यों में जुटे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, भोजन वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में स्थानीय नागरिक भी पूरे उत्साह से सहयोग कर रहे हैं। आयोजन में सेवा को प्रभु के चरणों में समर्पण मानकर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद

धार्मिक आयोजन में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार, करैरा क्षेत्र में 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दतिया और झांसी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मंडी के पीछे अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। शिवपुरी-सिरसौद मार्ग से आने वालों के लिए मऊहर कॉलोनी के पास कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नरवर-भितरवार की ओर से आने वाले वाहनों के लिए खेरा घाट मोड़ के पास पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। कथा स्थल से करीब 500 मीटर दूर आदर्श विद्यालय परिसर में वीआईपी पार्किंग बनाई गई है।

घर बैठे भी गूंजेगी प्रभु श्रीराम की कथा

जो श्रद्धालु किसी कारणवश करैरा नहीं पहुंच सकेंगे, वे भी श्रीराम कथा से जुड़ सकेंगे। कथा का सीधा प्रसारण संस्कार चैनल, बागेश्वर धाम यूट्यूब चैनल और नए पन्ने यूट्यूब चैनल सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किए जाने की जानकारी आयोजकों ने दी है। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों में बैठे रामभक्त भी कथा का श्रवण कर सकेंगे।

श्रद्धा, सेवा और समर्पण से सजेगा रामकथा का महापर्व

करैरा में निकली विशाल कलश यात्रा ने यह संदेश दिया कि जब आस्था सामूहिक संकल्प का रूप लेती है, तो पूरा समाज एक सूत्र में बंध जाता है। हजारों मातृशक्तियों के मंगल कलश, संतों का सान्निध्य, श्रद्धालुओं की सहभागिता और सेवाभाव से जुटे कार्यकर्ताओं का समर्पण इस आयोजन को विशेष बना रहा है।

अब बगीचा धाम की पावन धरती पर श्रीराम कथा के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, त्याग, करुणा और धर्ममय जीवन के संदेश को सुनने के लिए श्रद्धालु उत्सुक हैं। करैरा की गलियों में गूंजता जय श्रीराम का उद्घोष और भक्तों के मन में उमड़ती श्रद्धा इस धार्मिक महोत्सव को भक्ति और आस्था का यादगार संगम बना रही है।

जय श्रीराम!

📢 सूचना एवं विज्ञापन हेतु निवेदन: यदि आपके क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण स्थानीय खबर, सामाजिक गतिविधि या जनहित से संबंधित जानकारी है, तो कृपया प्रकाशन के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल के साथ साझा करें। विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार हेतु भी आप हमसे संपर्क कर सकते हैं। संपर्क करने के लिए कांटेक्ट उस पेज पर जाये। धन्यवाद्!

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

संजीव पुरोहित

मैं संजीव पुरोहित, शिवपुरी (मध्य प्रदेश) से हूँ और शिवपुरी मेल का चीफ एडिटर हूँ। मेरा उद्देश्य स्थानीय और जनहित से जुड़ी सच्ची, निष्पक्ष व ज़मीनी खबरें आप तक पहुँचाना है। ताज़ा अपडेट के लिए Telegram और WhatsApp पर हमारे साथ जुड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.