एक क्लिक… और खाता खाली! साइबर ठगों के ‘डिजिटल जाल’ को तोड़ने सड़क पर उतरी शिवपुरी पुलिस, गांव-गांव बजाया खतरे का अलार्म

शिवपुरी। मोबाइल पर आई एक कॉल, एक ओटीपी, एक क्यूआर कोड या एक लिंक… और देखते ही देखते बैंक खाते की पूरी रकम गायब। साइबर अपराधियों के ऐसे ही खतरनाक हथकंडों के खिलाफ अब शिवपुरी पुलिस ने जिलेभर में मोर्चा खोल दिया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के “ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0” के तहत बुधवार को एक साथ कई थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को साइबर ठगी के हर नए दांव से सतर्क किया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य साफ है—साइबर अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करना और आम नागरिक को उनकी पहली सुरक्षा ढाल बनाना। इसी सोच के साथ स्कूलों, बाजारों, बस स्टैंडों और गांवों में पुलिस टीमें पहुंचीं और लोगों को बताया कि एक छोटी-सी लापरवाही कैसे वर्षों की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं एडीजी साइबर ए. साई मनोहर के निर्देशन में संचालित इस अभियान की ग्वालियर जोन स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों को सक्रिय किया गया।
थाना भौंती, सीहोर, कोलारस, कोतवाली, नरवर, गोवर्धन, सिरसौद, सतनबाड़ा, बामौरकला, अमोला और बैराड़ पुलिस ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी-यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लोन ऐप, फेक जॉब ऑफर, सोशल मीडिया फ्रॉड और फर्जी बैंक कस्टमर केयर कॉल जैसे अपराधों से बचने के तरीके बताए। पंपलेट वितरित किए गए, नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक जागरूकता फैलाई गई।
पुलिस की अपील है—अनजान कॉल पर भरोसा न करें, ओटीपी किसी को न बताएं, क्यूआर कोड सोच-समझकर ही स्कैन करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
सतर्कता ही सुरक्षा
याद रखिए… साइबर ठग हथियार नहीं, आपकी एक गलती का इंतजार करते हैं। एक गलत क्लिक आपकी पूरी पूंजी निगल सकता है। इसलिए जागरूक रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधियों की हर चाल को नाकाम करें।
Live Cricket Info








