बैराड़ में जुए के फड़ पर पुलिस का कहर तालाब किनारे ताश पर लग रहे थे हजारों के दांव, दबिश पड़ते ही मच गई भगदड़

पांच जुआरी गिरफ्तार, ₹12,070 नकद और ताश की गड्डी जब्त
शिवपुरी,। बैराड़ में बेखौफ अंदाज में सज रही हार-जीत की महफिल पर बुधवार को पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि जुआरियों की सारी बाजियां धरी रह गईं। मुखबिर की सूचना पर थाना बैराड़ पुलिस ने तालाब के पास चल रहे जुए के फड़ पर अचानक दबिश दी। पुलिस को सामने देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी के चलते पांचों आरोपी बच नहीं सके।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ₹12,070 की नकद जुआ राशि और 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद की। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना बैराड़ पुलिस ने यह दबिश दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में छोटू उर्फ अंकेश ओझा, अंकित शर्मा, अमित बघेल, कैलाश कुशवाह और योगेश यादव शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे।
जिले में पुलिस का साफ संदेश है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर इसी तरह कार्रवाई होती रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक गिर्राज त्यागी, ज्ञान सिंह रावत, अजय नीखरा एवं चालक आरक्षक मनीष परिहार की सक्रिय भूमिका रही।
Live Cricket Info








