Telegram Join our Telegram Channel for Daily Latest News Updates! Join Now ×

शिवराज का वादा अधूरा, तीन साल से जिला बनने की आस! अब मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने पिछोर की आवाज उठाएंगे विधायक प्रीतम लोधी

13 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों में जुटी भाजपा, रेस्ट हाउस में जिलेभर के पदाधिकारियों की बैठक; पिछोर को जिला बनाने के साथ ऐतिहासिक किले और तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने की मांग भी उठेगी

पिछोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 13 नवंबर को प्रस्तावित पिछोर दौरे ने एक बार फिर क्षेत्र की सबसे पुरानी और बड़ी मांग को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। पिछोर को जिला बनाने का सपना यहां की जनता लंबे समय से देख रही है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा के बावजूद यह मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में मुख्यमंत्री मोहन यादव के पहली बार पिछोर आगमन पर विधायक प्रीतम लोधी जनता की इस अपेक्षा को उनके सामने प्रमुखता से रखने की बात कह रहे हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने और सभा में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विधायक प्रीतम लोधी ने पिछोर रेस्ट हाउस में जिलेभर के भाजपा पदाधिकारियों, सभी मंडल अध्यक्षों, पिछोर क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों, विधायक प्रतिनिधियों और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। संगठन के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में पूरी ताकत से जुटने का भरोसा दिलाया।

तीस साल बाद बदला जनादेश, फिर भी जिला बनने का इंतजार

पिछोर को जिला बनाने की मांग का अपना राजनीतिक इतिहास है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पिछोर को जिला बनाने की घोषणा करते हुए कहा था कि पिछोर से प्रीतम लोधी को विधायक बनाकर दीजिए, मैं पिछोर को जिला बना दूंगा। क्षेत्र की जनता ने भी लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक समीकरण को बदलते हुए करीब तीन दशक बाद कांग्रेस के परंपरागत प्रतिनिधित्व को पीछे छोड़कर प्रीतम लोधी को विधानसभा पहुंचाया। लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं, शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री नहीं बन पाए और पिछोर जिला बनने की प्रतीक्षा में ही रह गया।

प्रीतम लोधी के विधायक बनने के बाद से ही पिछोर को जिला बनाने की मांग अलग-अलग मंचों पर उठती रही है। उनके करीब तीन वर्ष के कार्यकाल का समय भी गुजर चुका है, लेकिन जिला बनने की घोषणा अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी। अब मुख्यमंत्री मोहन यादव का पिछोर आगमन इस मांग को दोबारा सरकार के सामने मजबूती से रखने का अवसर बन रहा है। विधायक का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से जनता की ओर से पिछोर को जिला बनाने की मांग प्राथमिकता से रखेंगे।

किला और तालाब को पर्यटन स्थल बनानेt की भी उठेगी मांग

विधायक प्रीतम लोधी केवल जिला बनाने की मांग तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे ऐतिहासिक पिछोर किले और नगर के तालाब को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित कराने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखने की तैयारी में हैं। कुछ दिन पहले तालाब में जलकुंभी का फैलाव होने पर विधायक स्वयं अपने कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान में उतरे थे। अब इस तालाब को व्यवस्थित रूप से विकसित कर पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने की मांग उठाई जाएगी। वहीं ऐतिहासिक पिछोर किले के संरक्षण और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा।

पत्रकारों का सम्मान कर दी दीपावली की शुभकामनाएं

बैठक के दौरान विधायक प्रीतम लोधी ने क्षेत्र के सभी पत्रकारों को भी मंच पर आमंत्रित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पत्रकारों का शॉल ओढ़ाकर और मिठाई भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सभी पत्रकारों के सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीपावली की बधाई दी।

कुल मिलाकर 13 नवंबर का मुख्यमंत्री दौरा पिछोर के लिए सिर्फ एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित जिला बनाने की मांग और क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन के नक्शे पर लाने की उम्मीद से भी जुड़ गया है। शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के बाद अब मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने यह मांग रखी जाएगी। सवाल यही है कि पिछोर को जिला बनाने का वर्षों पुराना सपना इस बार किसी ठोस निर्णय तक पहुंच पाएगा या जनता को एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा?

📢 सूचना एवं विज्ञापन हेतु निवेदन: यदि आपके क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण स्थानीय खबर, सामाजिक गतिविधि या जनहित से संबंधित जानकारी है, तो कृपया प्रकाशन के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल के साथ साझा करें। विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार हेतु भी आप हमसे संपर्क कर सकते हैं। संपर्क करने के लिए कांटेक्ट उस पेज पर जाये। धन्यवाद्!

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

संजीव पुरोहित

मैं संजीव पुरोहित, शिवपुरी (मध्य प्रदेश) से हूँ और शिवपुरी मेल का चीफ एडिटर हूँ। मेरा उद्देश्य स्थानीय और जनहित से जुड़ी सच्ची, निष्पक्ष व ज़मीनी खबरें आप तक पहुँचाना है। ताज़ा अपडेट के लिए Telegram और WhatsApp पर हमारे साथ जुड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.