दुकान की दीवार तोड़ 20 मोबाइल उड़ाए, छह दिन में पुलिस ने खोली चोरों की पोल; 2.36 लाख का माल बरामद, दो गिरफ्तार

नरवर में शातिरों ने मोबाइल दुकान को बनाया था निशाना, पुलिस ने चोरी के सभी 20 मोबाइल बरामद कर आरोपियों को न्यायालय पहुंचाया
शिवपुरी। दुकान की दीवार तोड़ी, अंदर दाखिल हुए और देखते ही देखते 20 मोबाइल फोन समेटकर फरार हो गए। बदमाशों को लगा होगा कि चोरी की यह वारदात पुलिस के लिए पहेली बन जाएगी, लेकिन नरवर पुलिस ने छह दिन के भीतर ही पूरा मामला खोल दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 लाख 36 हजार रुपये कीमत के चोरी गए सभी 20 मोबाइल बरामद कर लिए।
मामला 28 अक्टूबर का है। फरियादी शत्रुघ्न कुशवाह ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात चोर उसकी मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में नरवर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान साबू पुत्र हमीद खान (23), निवासी इंदिरा कॉलोनी नरवर तथा शिवम उर्फ गट्टा पुत्र रमेश रजक (19), निवासी कानूनगो मोहल्ला नरवर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सभी 20 मोबाइल फोन बरामद कर दोनों को न्यायालय में पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण बजारा, सहायक उपनिरीक्षक सतीश जयंत, आरक्षक 426 नरेंद्र मौर्य, आरक्षक 100 अनिल, आरक्षक 815 माधो बाथम, आरक्षक 18 पवन पुरी, आरक्षक चालक 942 राजबहादुर, आरक्षक 784 गजेन्द्र जाटव, आरक्षक 400 परिमल कुशवाह तथा आरक्षक 871 रवि बाथम की सराहनीय भूमिका रही।
Live Cricket Info





