13 नवंबर को पिछोर में गूंजेगी लाड़ली बहना योजना की सौगात, मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे राशि अंतरित; सिंधिया का तीन दिवसीय शिवपुरी दौरा

12 से 14 नवंबर तक जिले में रहेंगे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर छत्रसाल स्टेडियम में तैयारियां तेज; कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित शिवपुरी दौरे ने जिले के प्रशासनिक अमले की सक्रियता बढ़ा दी है। 13 नवंबर को पिछोर में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में लाड़ली बहना योजना की नवंबर माह की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है, वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 से 14 नवंबर तक जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोनों नेताओं के प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए छत्रसाल स्टेडियम को आयोजन स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया है। यहां मंच निर्माण से लेकर बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली, अस्थायी शौचालय और सुरक्षा इंतजामों तक की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों और आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवागमन, वाहन पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियां केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यक्रम से पहले प्रत्येक व्यवस्था का मौके पर परीक्षण किया जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग की चेकलिस्ट तैयार कर जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी अधिकारियों से अनुमोदित कराएं। कार्यक्रम से एक दिन पहले सभी अधिकारी अपने दलों के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें, ताकि ऐन वक्त पर किसी तरह की अव्यवस्था सामने न आए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Live Cricket Info







