पेजा के राष्ट्रीय अधिवेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह का हरिद्वार में भव्य आयोजन संजीव पुरोहित बने मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष, देशभर के पत्रकारों ने की सहभागिता

हरिद्वार/भोपाल। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन (पेजा) का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित आर्य वानप्रस्थ आश्रम, ज्वालापुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लेकर पत्रकारिता एवं पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे। उन्होंने देशभर से आए पत्रकारों का सम्मान करते हुए अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता फूलों का गुलदस्ता नहीं, बल्कि चुनौतियों और संघर्षों से भरा ऐसा ताज है, जिसे हर पत्रकार को प्रतिदिन संभालना पड़ता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पेजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुशवाह ने की। उन्होंने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेजा सदैव पत्रकारों के हितों, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी पत्रकारों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहेगा।
अधिवेशन के दौरान पेजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुशवाह ने मध्यप्रदेश प्रभारी अवधेश पुरोहित की अनुशंसा पर वरिष्ठ पत्रकार संजीव पुरोहित को संगठन का मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। घोषणा होते ही उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने मंच पर संजीव पुरोहित को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत होने पर संजीव पुरोहित को मध्यप्रदेश सहित देशभर के पत्रकारों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अपने उद्बोधन में संजीव पुरोहित ने कहा कि वे मध्यप्रदेश में पेजा के बैनर तले पत्रकारों के अधिकारों और हितों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है और पत्रकारों को कई प्रकार के दबावों एवं चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यदि पत्रकार संगठित रहेंगे तो वे अपने अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुशवाह ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिवेशन के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
Live Cricket Info







