भौती में चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क निगल चुके अतिक्रमणकारियों पर बड़ी कार्रवाई

एक सैकड़ा से ज्यादा कब्जे ध्वस्त, डिवाइडर तक पर जमाए थे अवैध ठिकाने।
एस डी एम ममता शाक्य एस डी ओ पी प्रधांत शर्मा सहित तहसीलदार एस एस गुर्जर ने भारी दल बल के साथ मिलकर हटास्य अतिक्रमण।
शिवपुरी/भौती कस्बे में वर्षों से सड़क, डिवाइडर और सरकारी जमीन पर पसरे अतिक्रमण पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर गरज ही उठा। बुधवार को पिछोर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कस्बे में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर एक सैकड़ा से अधिक स्थाई और अस्थाई कब्जों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे कस्बे में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

हालात इतने बिगड़ चुके थे कि भोपाल मार्ग जैसी महत्वपूर्ण सड़क पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा कर सड़क की चौड़ाई 40 फीट से घटाकर महज 15 फीट तक सीमित कर दी थी। सड़क किनारे दुकानें, सब्जी मंडी, हथठेले और डिवाइडर पर बनाए गए स्टाल लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बन चुके थे। आए दिन लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं के खतरे से स्थानीय लोग परेशान थे।
प्रशासन ने पहले ही पंचायत के माध्यम से करीब 105 लोगों को नोटिस जारी कर कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे। मुनादी कराकर चेतावनी भी दी गई थी कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बुलडोजर चलेगा। लेकिन चेतावनी को हल्के में लेना अतिक्रमणकारियों को भारी पड़ गया। बुधवार सुबह जैसे ही प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा, कई लोगों ने आनन-फानन में अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कई अवैध कब्जों को प्रशासन ने सख्ती से ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पिछोर एसडीएम ममता शाक्य, एसडीओपी प्रशांत शर्मा, तहसीलदार एसएस गुर्जर, नायब तहसीलदार शुभम गर्ग, थाना प्रभारी घनश्याम सिंह सहित पंचायत सचिव, आरआई, पटवारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ अधिक होने के बावजूद प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की विरोध करने की हिम्मत नहीं हुई।
डिवाइडर पर अब नहीं जमेगा कब्जा
अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद ग्राम पंचायत ने दोबारा कब्जे रोकने की तैयारी भी शुरू कर दी। डिवाइडरों पर लोहे की रेलिंग लगाई जा रही है ताकि भविष्य में कोई फिर से सरकारी जमीन पर कब्जा न कर सके। पंचायत का कहना है कि अब डिवाइडर को व्यवस्थित और सुंदर बनाया जाएगा, जिससे कस्बे की तस्वीर बदलेगी और यातायात भी सुगम होगा।
एसडीएम ममता शाक्य ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि अब सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों की मनमानी नहीं चलेगी।
Live Cricket Info






