Telegram Join our Telegram Channel for Daily Latest News Updates! Join Now ×

आज पिछोर की निगाहें मुख्यमंत्री पर, क्या पूरी होगी जिला बनने की तीन साल पुरानी आस?

शिवराज सिंह चौहान की घोषणा अब तक अधूरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन पर जनता को बड़े ऐलान की उम्मीद; विधायक प्रीतम लोधी भी उठाएंगे जिला बनाने की मांग, ऐतिहासिक किले और तालाब को पर्यटन स्थल बनाने का प्रस्ताव भी रखेंगे

पिछोर।आज 13 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिछोर आगमन के साथ ही पूरे क्षेत्र की निगाहें एक बार फिर उस मांग पर टिक गई हैं, जिसका इंतजार यहां की जनता वर्षों से कर रही है। पिछोर को जिला बनाने की मांग अब केवल राजनीतिक घोषणा या चुनावी वादे तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह क्षेत्र की जनता की बड़ी अपेक्षा बन चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पिछोर को जिला बनाने की घोषणा किए जाने के करीब तीन साल बाद भी यह सपना अधूरा है। ऐसे में आज मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन पर लोगों के मन में एक ही उम्मीद है कि क्या इस बार पिछोर को जिला बनाने की दिशा में कोई ठोस घोषणा होगी?

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

पिछोर में मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन पूरी ताकत से जुटा है। विधायक प्रीतम लोधी ने पिछोर रेस्ट हाउस में जिलेभर के भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, विधायक प्रतिनिधियों और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की थी। कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। लेकिन इस राजनीतिक आयोजन के बीच क्षेत्र की जनता के लिए सबसे बड़ा मुद्दा पिछोर को जिला बनाने की मांग ही है।

शिवराज की घोषणा, जनता ने बदला जनादेश, फिर भी अधूरा जिला बनने का सपना

पिछोर की जिला बनाने की मांग का राजनीतिक इतिहास भी काफी अहम है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में घोषणा की थी कि पिछोर से प्रीतम लोधी को विधायक बनाकर दीजिए, मैं पिछोर को जिला बना दूंगा। इस घोषणा के बाद क्षेत्र में उम्मीद जगी और जनता ने करीब तीन दशक से चले आ रहे राजनीतिक समीकरण को बदलते हुए प्रीतम लोधी को विधानसभा पहुंचाया। लेकिन सत्ता में बदलाव के साथ ही शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहे और पिछोर जिला बनने की प्रतीक्षा में रह गया।

अब विधायक प्रीतम लोधी के सामने भी जनता की उस अपेक्षा को पूरा कराने की बड़ी चुनौती है, जिसके भरोसे क्षेत्र ने उनसे उम्मीदें जोड़ी थीं। करीब तीन साल का समय गुजरने के बाद भी जिला बनाने की घोषणा धरातल पर नहीं उतर सकी है। ऐसे में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने विधायक द्वारा इस मांग को प्रमुखता से रखे जाने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोग भी चाहते हैं कि मुख्यमंत्री केवल आश्वासन न दें, बल्कि पिछोर को जिला बनाने की दिशा में कोई स्पष्ट और ठोस पहल करें।

सिर्फ जिला नहीं, पिछोर की ऐतिहासिक पहचान को भी मिले नई ऊंचाई

जिला बनाने के साथ पिछोर के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री से अपेक्षाएं हैं। विधायक प्रीतम लोधी ऐतिहासिक पिछोर किले के संरक्षण और नगर के तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखने की तैयारी में हैं। कुछ दिन पहले तालाब में जलकुंभी फैलने पर विधायक स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान में उतरे थे। अब जरूरत इस बात की है कि तालाब का स्थायी सौंदर्यीकरण हो, उसके आसपास नागरिक सुविधाएं विकसित हों और ऐतिहासिक किले को भी पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान मिले।

आज के दौरे से जनता को बड़े फैसले की उम्मीद

मुख्यमंत्री का आज का पिछोर दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन स्थानीय जनता के लिए इसकी सबसे बड़ी अहमियत जिला बनाने की मांग से जुड़ी है। वर्षों से जिला बनने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब किसी नई घोषणा से ज्यादा उसके अमल का इंतजार है। शिवराज सिंह चौहान के वादे के बाद जनता ने जनादेश भी दिया, विधायक ने भी मांग उठाने की बात कही, लेकिन अब निगाहें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर हैं।

आज पिछोर में मुख्यमंत्री के मंच से क्या संदेश मिलता है, क्या जिला बनाने की मांग पर कोई ठोस संकेत या निर्णय सामने आता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल इतना तय है कि मुख्यमंत्री के स्वागत के बीच पिछोर की जनता के मन में फूल-मालाओं और नारों से बड़ी एक उम्मीद है—पिछोर को जिला बनाने का वर्षों पुराना सपना आखिर कब पूरा होगा?

📢 सूचना एवं विज्ञापन हेतु निवेदन: यदि आपके क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण स्थानीय खबर, सामाजिक गतिविधि या जनहित से संबंधित जानकारी है, तो कृपया प्रकाशन के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल के साथ साझा करें। विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार हेतु भी आप हमसे संपर्क कर सकते हैं। संपर्क करने के लिए कांटेक्ट उस पेज पर जाये। धन्यवाद्!

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

संजीव पुरोहित

मैं संजीव पुरोहित, शिवपुरी (मध्य प्रदेश) से हूँ और शिवपुरी मेल का चीफ एडिटर हूँ। मेरा उद्देश्य स्थानीय और जनहित से जुड़ी सच्ची, निष्पक्ष व ज़मीनी खबरें आप तक पहुँचाना है। ताज़ा अपडेट के लिए Telegram और WhatsApp पर हमारे साथ जुड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.