स्कूल में अचानक पहुंचे कलेक्टर अर्पित वर्मा… मचा हड़कंप!

कक्षाओं में बैठकर परखी पढ़ाई, बच्चों से पूछे सवाल, शिक्षकों की मौजूदगी से लेकर शौचालय तक की खुद ली जानकारी
साफ संदेश—’पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बच्चों को मिले गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’
शिवपुरी। जिले के शासकीय स्कूलों की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा गुरुवार को बिना किसी पूर्व सूचना के बड़ौदी स्थित एकीकृत शाला शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुंच गए। कलेक्टर के अचानक स्कूल पहुंचते ही पूरे परिसर में हलचल मच गई। उन्होंने सीधे कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई का स्तर परखा और शिक्षकों की उपस्थिति के साथ स्कूल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने बच्चों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक तैयारी का आकलन किया और शिक्षकों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना शिक्षकों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि परिसर हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित रहे तथा विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बच्चों से आत्मीय संवाद के दौरान कलेक्टर ने उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की प्रेरणा दी। कक्षा का माहौल उस समय उत्साह और आत्मविश्वास से भर गया जब कलेक्टर ने बच्चों के साथ सहज बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट कहा कि अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण ही सरकारी विद्यालयों की वास्तविक पहचान बनना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण मिल सके।
Live Cricket Info








