स्कूल बसों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन… मचा हड़कंप!

40 से ज्यादा बसों की पड़ताल में खुलीं सुरक्षा की खामियां, 1 बस जब्त, 8 पर चला चालान, 1 की फिटनेस निरस्त
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का कड़ा प्रहार
शिवपुरी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिवपुरी पुलिस ने गुरुवार को ऐसा सघन अभियान चलाया कि नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों में हड़कंप मच गया। शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात पुलिस ने स्कूल बसों को रोक-रोककर गहन जांच की और जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी मिली, वहां तत्काल कार्रवाई कर दी।

प्रदेशव्यापी विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत 40 से अधिक स्कूल बसों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 1 बस को मौके पर जब्त, 8 बसों पर चालानी कार्रवाई और 1 बस की फिटनेस निरस्त कर दी गई। यह कार्रवाई उन बसों पर की गई जो सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरीं।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने स्कूल बसों के दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन जांच की।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा। जो भी वाहन संचालक सुरक्षा नियमों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भी जिलेभर में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
Live Cricket Info







