जन-विश्वास अभियान में प्रशासन गांव की चौपाल पर… कलेक्टर ने सुनी फरियाद, मौके पर निपटाए विवाद

खनियाधाना में विशाल जनसंवाद शिविर; 12 लाख की संबल सहायता, योजनाओं का लाभ बांटा, अधिकारियों को मैदान में उतरने के सख्त निर्देश
शिवपुरी,। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को खनियाधाना जनपद पंचायत परिसर प्रशासन और आमजन के सीधे संवाद का केंद्र बन गया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शिविर में पहुंचकर एक-एक फरियादी की बात सुनी, कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया और अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनसमस्याओं का समाधान अब दफ्तरों की फाइलों में नहीं, बल्कि गांव-गांव और मौके पर जाकर करना होगा।
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी की मौजूदगी में आयोजित जनसंवाद शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। प्रशासन का दावा है कि शिविर के दौरान 12 लाख रुपये से अधिक की सहायता एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ पात्र लोगों को मौके पर ही वितरित किए गए।

“फाइलों से बाहर निकलो, मैदान में जाओ”
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्याएं सुने, शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण करे और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
मंदिर विवाद पर प्रशासन की त्वरित पहल
शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मंदिर परिसर की बाउंड्रीवॉल और रास्ते को लेकर चल रहे विवाद की शिकायत रखी। मामला सामने आते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा स्वयं अधिकारियों और विधायक प्रीतम लोधी के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से चर्चा कर विवाद का तत्काल समाधान कराया गया तथा एसडीएम और तहसीलदार को राजस्व जांच कर सहमति से भूमि चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए। नगर परिषद को मंदिर परिसर के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए।
हितग्राहियों पर योजनाओं की बरसी सौगात
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग ने वृद्धावस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति आदेश सौंपे, जबकि मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत छह मृतक श्रमिकों के परिवारों को 12 लाख रुपये (प्रति परिवार दो लाख रुपये) की अनुग्रह सहायता स्वीकृत कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
सरकार का संदेश— योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि अभियान के दौरान लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसंवाद शिविर में विधायक प्रीतम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद उपाध्यक्ष संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Live Cricket Info








