112 वाहन चालक ने एसडीओपी से लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार, एफआईआर से नाम हटाने की मांग

शिवपुरी। जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रकरण को लेकर डायल-112 वाहन चालक गोलू खटीक ने एसडीओपी शिवपुरी को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। आवेदन में दावा किया गया है कि उसका नाम गलत तरीके से एफआईआर में शामिल किया गया है और जांच पूरी होने तक उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है।
आवेदन के अनुसार, आवेदक के पिता आर.ओ. वाटर का कार्य करते हैं तथा स्वयं डायल-112 पुलिस वाहन चालक के रूप में कार्यरत है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उनके मकान के पीछे रहने वाली एक महिला के पालतू कुत्ते द्वारा पहले भी उनकी पालतू मुर्गियों को नुकसान पहुंचाया गया था। 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे कथित रूप से वही कुत्ता दोबारा उनके घर में घुस आया। आवेदक का कहना है कि उनके ड्राइवर अभिषेक रजक ने कुत्ते को भगाने के उद्देश्य से पत्थर फेंका, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
आवेदन में आगे कहा गया है कि इस घटना के संबंध में फिजिकल थाना में एफआईआर क्रमांक 0167, दिनांक 31 जुलाई 2026 दर्ज की गई, जिसमें आवेदक गोलू खटीक का नाम भी शामिल कर लिया गया। आवेदक का आरोप है कि घटना में उसकी प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी और उसका नाम गलत तरीके से दर्ज किया गया है।
आवेदन के साथ यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना का एक वीडियो उपलब्ध है, जिसमें कथित रूप से उसके कर्मचारी के साथ मारपीट होती हुई दिखाई दे रही है। आवेदक ने पुलिस से वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने और यदि जांच में उसका नाम गलत पाया जाए तो उसे एफआईआर से हटाने की मांग की है।
आवेदक ने एसडीओपी से यह भी अनुरोध किया है कि जांच पूरी होने तक उसके विरुद्ध किसी प्रकार की गिरफ्तारी की कार्रवाई न की जाए, ताकि निष्पक्ष जांच प्रभावित न हो।
अब इस मामले में पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस प्रशासन की ओर से आवेदन पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Live Cricket Info








