शादी का झांसा, ₹99 हजार की ठगी… फिर मारपीट और धमकी! पिछोर पुलिस ने ‘लुटेरी शादी’ गिरोह का किया पर्दाफाश

99 हजार ऐंठकर दुल्हन लेकर हुए फरार, विरोध करने पर पीटा और गाड़ी फोड़ी; दो आरोपी सलाखों के पीछे, बाकी की तलाश जारी
शिवपुरी/पिछोर। शादी कराने के नाम पर भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाकर हजारों रुपये ऐंठने वाले एक कथित ‘लुटेरी शादी’ गिरोह का पिछोर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने हरियाणा की एक महिला से पहले वास्तविक विवाह कराने का भरोसा दिलाया, फिर फोन-पे के जरिए 99 हजार रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, जब पीड़ित पक्ष तय स्थान पर पहुंचा तो आरोपियों ने रास्ता रोककर और पैसे की मांग की, विरोध करने पर मारपीट की, वाहन में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर कथित दुल्हन को अपने साथ ले गए।
पीड़िता प्रीति पत्नी सुधीर फोगाट, निवासी गुरुग्राम (हरियाणा) की शिकायत पर थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 332/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीब मुले तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना पिछोर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी (प्रतापपुरा) एवं शिवानी लोधी (सेमरी) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उप जेल पिछोर भेज दिया गया।
गिरोह के अन्य सदस्य अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
प्रकरण में प्राण सिंह यादव सहित दो अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह सहित थाना पिछोर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस तरह के मामलों में यदि और शिकायतें सामने आती हैं तो जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा।
सावधान!
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी तय कराने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अग्रिम राशि न दें और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की पहले पूरी जांच-पड़ताल करें। वरना एक झूठा रिश्ता जिंदगी भर की कमाई पर भारी पड़ सकता है।
Live Cricket Info







