“10 हजार कार्यकर्ताओं संग गोबर से भर दूंगा SDOP का घर!” — विधायक पीतम लोधी का धमाकेदार वीडियो, करैरा की सियासत में भूचाल

पुत्र के एक्सीडेंट केस से भड़का विवाद, पुलिस पर दबाव और ‘दिल्ली से फोन’ का आरोप; तीन दिन में मामला बना हाई-वोल्टेज पॉलिटिकल ड्रामा
शिवपुरी। करैरा विधानसभा क्षेत्र में एक सड़क हादसे से शुरू हुआ मामला अब सियासी तूफान में बदल गया है। पिछोर से बीजेपी विधायक पीतम लोधी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने करैरा के एसडीओपी को खुली चुनौती देते हुए तीखे शब्दों में हमला बोला है।
मामला तीन दिन पहले का है, जब विधायक के पुत्र की थार गाड़ी से एक एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए। उस वक्त खुद विधायक ने पुलिस को फोन कर कहा था कि उनके बेटे से गलती हुई है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज भी कर लिया।
लेकिन इसके बाद घटनाक्रम ने अचानक सियासी रंग ले लिया। विधायक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि करैरा के एसडीओपी ने उनके पुत्र से कहा कि “तुम करैरा में नहीं रह सकते और न ही यहां से चुनाव लड़ सकते।”
इसी बयान से भड़के विधायक ने वीडियो में सीधी चुनौती देते हुए कहा—
“क्या करैरा तुम्हारे डैडी का है? पुलिस स्पष्ट करे कि ऐसा क्यों कहा गया। अगर जवाब नहीं मिला तो मैं 10 हजार कार्यकर्ताओं के साथ ट्रॉलियों में गोबर भरकर SDOP का घर भर दूंगा। मुझे हल्के में न लें, मेरा इतिहास देख लें।”
विधायक यहीं नहीं रुके। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर कौन है जो “दिल्ली से पुलिस को बार-बार फोन कर उनके मामलों में दखल दे रहा है?”
इस बयान के सामने आते ही शिवपुरी जिले की राजनीति में उबाल आ गया है। सत्ता पक्ष के भीतर ही हलचल तेज हो गई है और प्रशासनिक हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस पर क्या आधिकारिक स्पष्टीकरण देती है और यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है—कानूनी कार्रवाई की तरफ या सियासी टकराव के नए अध्याय की ओर।
Live Cricket Info








