राजस्व मामलों में लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त रुख, समय सीमा में करें निराकरण

फील्ड में उतरें अधिकारी, किसानों को खाद वितरण में नहीं हो कोई परेशानी : अर्पित वर्मा
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीमांकन, नामांतरण, बटवारा, भूमि आवंटन, फार्मर रजिस्ट्री, गिरदावरी, राजस्व वसूली एवं खाद वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
तहसीलदार नियमित करें फील्ड भ्रमण
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। वर्तमान में चल रहे खाद वितरण कार्य पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
नामांतरण और बटवारा मामलों में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा के दौरान नामांतरण एवं फौती नामांतरण प्रकरणों में देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तहसीलदारों को पटवारियों की नियमित बैठक लेकर नामांतरण, बटवारा एवं सीमांकन के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही तीन माह से अधिक समय से लंबित बटवारा सुधार प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
खाद वितरण व्यवस्था पर रहेगी कड़ी नजर
कलेक्टर श्री वर्मा ने खाद के ई-टोकन एवं वितरण व्यवस्था की मॉनिटरिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि वे एसएडीओ के माध्यम से जमीनी स्तर पर खाद वितरण की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराएं और स्वयं भी नियमित निरीक्षण करें, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
फार्मर रजिस्ट्री अभियान को दें गति
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को विशेष कैंप आयोजित कर शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सीएम हेल्पलाइन और राजस्व वसूली पर भी फोकस
कलेक्टर ने राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए एसडीएम स्तर से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Live Cricket Info







