शिवपुरी में भू-माफियाओं पर कलेक्टर का सबसे बड़ा प्रहार!

4 अवैध कॉलोनाइजरों पर FIR के आदेश, प्लॉटों की खरीद-फरोख्त और नामांतरण पर तत्काल रोक
“अब अवैध कॉलोनियां काटने वालों की खैर नहीं” — कलेक्टर अर्पित वर्मा का सख्त संदेश
शिवपुरी। शिवपुरी में अवैध कॉलोनियां काटकर लोगों की गाढ़ी कमाई से खिलवाड़ करने वालों पर जिला प्रशासन ने अब आर-पार की कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निर्देश पर प्रशासन ने चार अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही इन कॉलोनियों के प्लॉटों की खरीद-फरोख्त और नामांतरण पर अगले आदेश तक पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
एसडीएम आनंद सिंह राजावत द्वारा जारी आदेश के अनुसार सिंहनिवास और नोहरीकला क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति कॉलोनियां विकसित किए जाने के मामले सामने आए हैं। जांच में नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई की जद में आए कॉलोनाइजरों में अभिजीत सिंह भदौरिया, सुमित श्रीवास्तव, कावेन्द्र यादव तथा राज रियल स्टेट डेवलपर्स लिमिटेड के प्रोपराइटर राजीव गुप्ता शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि इन परियोजनाओं में आवश्यक स्वीकृतियों और नियमों का पालन नहीं किया गया।
अब फंस सकते हैं नियम तोड़ने वाले
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिन अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई हुई है, वहां किसी भी प्लॉट का रजिस्ट्री के बाद नामांतरण नहीं होगा। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह कदम उन लोगों के लिए भी बड़ा संदेश माना जा रहा है जो बिना अनुमति कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं।
खरीदार भी रहें सावधान
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट में निवेश करने से पहले कॉलोनाइजर का लाइसेंस, भूमि डायवर्सन, टीएंडसीपी से स्वीकृत लेआउट और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें। बिना अनुमति विकसित कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है— अवैध कॉलोनियों का कारोबार अब बर्दाश्त नहीं होगा। भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Live Cricket Info








