नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फरार आरोपी चढ़ा गिरफ्त में, राजीनामे की कोशिश के दौरान दबोचा गया
खनियाधाना/शिवपुरी,। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में खनियाधाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना खनियाधाना में दर्ज अपराध क्रमांक 112/2026 में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अनिल कुमार जाट अपने परिजनों के साथ पीड़िता के परिवार से राजीनामा करने के उद्देश्य से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम मुड़िया के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर दबोच लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार जाट (23 वर्ष) निवासी नगला दुर्जिया मिठाबली, थाना सादाबाद, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपी की पहचान होने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया गया। रविवार को आरोपी को न्यायालय खनियाधाना में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे सर्किल जेल शिवपुरी भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में कठोर एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव, उपनिरीक्षक रामसिंह भिलाला, हजारीलाल जाटव, जगदीश शरण बंजारा, बालकिशन अहिरवार सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सका।
Live Cricket Info







