जनकल्याण शिविर में हुआ समस्याओं का निराकरण

चित्रकला एवं कुकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियों का हुआ आयोजन
शिवपुरी, / मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत खनियाधाना में 12 से 14 जून तक आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 हजार 599 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण करते हुए हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ वितरण
शिविर के प्रथम दिवस का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी द्वारा किया गया। उन्होंने शिविर का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी ली तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर बल दिया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
शिविर के द्वितीय दिवस जनपद पंचायत एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, योग एवं जल गंगा संवर्धन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जनजागरूकता का संदेश दिया।
कुकिंग प्रतियोगिता के साथ हुआ शिविर का समापन
शिविर के अंतिम दिवस स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मोगराज मीणा ने प्रतिभागी महिलाओं द्वारा तैयार व्यंजनों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर ब्लॉक स्रोत समन्वयक श्री संजय भदौरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री प्रियंका बुनकर, संवाद मित्र श्री राजेश देव पांडे, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Live Cricket Info







