बिजली तार चोर गिरोह पर बदरवास पुलिस का शिकंजा… 11.50 लाख का माल बरामद, आरोपी दबोचा!

मुखबिर की एक सूचना और हाईवे पर बिछा पुलिस का जाल, चोरी का 900 मीटर एल्यूमिनियम तार व बुलेरो पिकअप जब्त
24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता, बिजली विभाग की चोरी का खुला राज
शिवपुरी। जिले में बिजली लाइनों पर हाथ साफ करने वालों के खिलाफ बदरवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का पर्दाफाश कर दिया। ग्राम सुमेला से बक्सपुर तक विद्युत लाइन से चोरी किए गए लगभग 900 मीटर एल्यूमिनियम तार के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 11 लाख 50 हजार रुपये कीमत का चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त बुलेरो पिकअप जब्त कर ली।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में चोरी, लूट और डकैती के मामलों में त्वरित कार्रवाई के अभियान के तहत बदरवास थाना पुलिस लगातार सक्रिय थी। 8 जुलाई को मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के लाइनमैन माखन यादव की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का बिजली का तार भरकर एक बुलेरो पिकअप गुना से शिवपुरी की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव ने बिना समय गंवाए पुलिस टीम के साथ ईश्वरी पुल हाईवे पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चोरी किया गया आठ बंडलों में लगभग 900 मीटर एल्यूमिनियम तार बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी समीर अली (35 वर्ष), निवासी पुरानी छावनी, जिला गुना को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेरो पिकअप (MP04YQ9585) तथा चोरी का माल जब्त किया गया। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 11.50 लाख रुपये बताई गई है।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस श्री संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब मामले में यह भी जांच कर रही है कि चोरी की इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह शामिल था या नहीं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव, उपनिरीक्षक नोवेल खेस, प्रधान आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक सदन भिलाला तथा चालक दीनू रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Live Cricket Info








