आज शिवपुरी में इतिहास रचेगा 2,500 करोड़ का डिफेंस प्रोजेक्ट, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे शिलान्यास

रक्षा उत्पादन के राष्ट्रीय मानचित्र पर उभरेगा शिवपुरी, 211.29 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी मिलेगी; वीवीआईपी दौरे को लेकर शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
शिवपुरी। रविवार को शिवपुरी प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की रक्षा उत्पादन यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का साक्षी बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। अडानी समूह द्वारा स्थापित किया जा रहा यह प्रोजेक्ट दक्षिण एशिया के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के मिसाइल इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई मजबूती देने के साथ-साथ मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। परियोजना के शुरू होने से शिवपुरी में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। साथ ही स्थानीय एमएसएमई उद्योगों को रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री इस अवसर पर जिले के लिए 211.29 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। इससे जिले में अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम शिवपुरी के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से शिवपुरी पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
वीवीआईपी दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था बदली
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात योजना लागू की है। हवाई पट्टी से झांसी तिराहा, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड और एम.एम. चौराहा तक का मार्ग मुख्यमंत्री के आगमन से एक घंटे पहले तथा कार्यक्रम समाप्त होने के एक घंटे बाद तक सामान्य चारपहिया और भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा।
कोलारस, बदरवास, करेरा, पिछोर, पोहरी, सतनवाड़ा और सुभाषपुरा की ओर से आने वाली बसों एवं चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिले से आने वाली बसों की पार्किंग गांधी पार्क और रेलवे ग्राउंड में रहेगी, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए पुरानी अनाज मंडी और पुलिस परेड ग्राउंड को पार्किंग स्थल बनाया गया है। दोपहिया वाहनों की पार्किंग जिला न्यायालय के सामने रहेगी। वीआईपी वाहनों के लिए पोलो ग्राउंड के समीप विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
रक्षा क्षेत्र की इस महत्वाकांक्षी परियोजना और विकास कार्यों की सौगात के साथ रविवार का दिन शिवपुरी के औद्योगिक और विकासात्मक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होने की उम्मीद है।
Live Cricket Info








