वृहद स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक मरीजों के पंजीयन के लिए सहयोग करें – कलेक्टर

एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं तथा प्राचार्यों के साथ बैठक संपन्न
शिवपुरी, / रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन अंतर्गत आयोजित होने वाले वृहद स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक बीमार व्यक्तियों के पंजीयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं तथा स्कूल एवं कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि अपने आसपास, पड़ोस अथवा गांव में यदि कोई बीमार है तो उसे इस शिविर में पंजीयन कराकर निःशुल्क उपचार का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है और इस महाकुंभ में सभी का सहयोग अपेक्षित है।
कलेक्टर श्री चौधरी ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में दिल्ली, भोपाल, इंदौर एवं ग्वालियर सहित अन्य स्थानों से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का उपचार करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज का पंजीयन क्यूआर कोड अथवा उपलब्ध पंजीयन लिंक के माध्यम से किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि शिविर स्थल पर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए नियुक्त किए जाने वाले छात्र-छात्राओं के पास भी बनाए जाएंगे, जिससे वे शिविर में आने वाले मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, कॉर्डिनेटर पवन जैन, कोषाध्यक्ष उदित चतुर्वेदी सहित स्कूल एवं कॉलेजों के प्राचार्य, एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 के संयुक्त प्रयास से 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक 8 दिवसीय रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
Live Cricket Info







