राज्य कर्मचारी संघ के प्रयासों से जारी हुए गुरूजी शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी का जताया आभार, 5 वर्षों से लंबित थी प्रक्रिया

शिवपुरी,/गुरूजी शिक्षकों की क्रमोन्नति प्रक्रिया, जो पिछले लगभग 5 वर्षों से लंबित थी, अंततः राज्य कर्मचारी संघ के निरंतर प्रयासों के चलते पूर्ण हो गई है। इस लंबे समय से लंबित मुद्दे के समाधान होने पर शिक्षकों में हर्ष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गुरूजी शिक्षकों की क्रमोन्नति को लेकर संविदा नियुक्ति की तिथि, वरिष्ठता एवं नियुक्ति दिनांक को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में पहले ही क्रमोन्नति आदेश जारी हो चुके थे, लेकिन शिवपुरी जिला इस प्रक्रिया से वंचित था। इससे शिक्षकों में रोष व्याप्त था।
राज्य कर्मचारी संघ ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास किए और कई बार ज्ञापन प्रस्तुत किए। संघ के संघर्ष और पहल के परिणामस्वरूप अब गुरूजी शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
संघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पिपलौदा एवं जिला सचिव राज कुमार सरैया ने बताया कि इस विषय को लेकर संघ निरंतर सक्रिय रहा। आंदोलन की चेतावनी से पूर्व संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव से मिला, जिसमें भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख फतेह सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष राजीव पुरोहित, पवन अवस्थी, अरविंद सरैया, तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव एवं मनोज शर्मा (सुरवाया) शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग रखी।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए समयसीमा में आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया, जिसे पूरा करते हुए क्रमोन्नति आदेश जारी किए गए। इस पर राज्य कर्मचारी संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सहायक कोषालय अधिकारी संतोष कुर्मी का आभार व्यक्त किया है।
संघ ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी शिक्षकों के हित में इसी प्रकार संवेदनशीलता के साथ कार्य किए जाते रहेंगे।
आभार व्यक्त करने वालों में प्रदेश पदाधिकारी हरभजन कौर, मंजू धाकड़, रितु श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष अशोक वर्मा, जिला सहसचिव हरिवल्लभ शर्मा, हिम्मत सिंह सोनकर, अजय बाथम, जयकुमार शर्मा, विजय यादव, गोपाल श्रीवास्तव सहित समस्त गुरूजी शिक्षक शामिल रहे।
Live Cricket Info








