शिवपुरी में कुत्तों का आतंक: कोचिंग जा रही छात्रा पर झुंड का हमला, CCTV में कैद हुई खौफनाक घटना

शिवपुरी/शिवपुरी शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन का सड़कों पर निकलना तक मुश्किल होता जा रहा है। ताजा मामला शांति नगर, वार्ड नंबर 38 का है, जहां कोचिंग जा रही एक छात्रा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना उस समय की है जब छात्रा रोज की तरह अपनी स्कूटी से कोचिंग के लिए निकली थी। अचानक रास्ते में आवारा कुत्तों का झुंड उसके पीछे दौड़ पड़ा। घबराई छात्रा ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई। गिरने के बाद उसे चोटें आईं और वह कुछ देर तक वहीं दर्द से तड़पती रही।
इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुत्ते छात्रा का पीछा करते हैं और डर के कारण वह हादसे का शिकार हो जाती है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है। रहवासियों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। कई बार नगर पालिका और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल, यह घटना शहर में बढ़ते कुत्तों के आतंक और प्रशासन की लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
Live Cricket Info








