शिक्षकों के साथ है सरकार, किसी का अहित नहीं होगा – शिक्षा मंत्री

भोपाल/शिवपुरी, । प्रदेश सरकार शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी शिक्षक का अहित नहीं होने दिया जाएगा। यह बात स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भारतीय मजदूर संघ एवं मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान कही।
मंगलवार को भारतीय मजदूर संघ, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ एवं शिक्षक संघ के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षा मंत्री से भेंट कर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधि मंडल ने आग्रह किया कि सरकार माननीय सर्वोच्च न्यायालय में शिक्षकों के पक्ष को मजबूती से रखे।
इस पर शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया कि तकनीकी एवं विधिक प्रक्रिया पूर्ण होते ही सरकार शीघ्र ही सर्वोच्च न्यायालय में शिक्षकों का पक्ष प्रस्तुत करेगी और किसी भी प्रकार से शिक्षकों के हितों के विपरीत निर्णय नहीं लिया जाएगा।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पिपलौदा ने बताया कि सरकार पूरी गंभीरता के साथ मामले को देख रही है और जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव एवं प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षक एकजुट हैं और अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं। उन्हें विश्वास है कि सरकार न्याय दिलाने में सफल होगी।
शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रवीर सिंह राठौर ने कहा कि शिक्षकों का पक्ष मजबूती से रखा गया है और सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।
इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, नितेश पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Live Cricket Info








