वरिष्ठजनों हेतु समग्र स्वास्थ्य कल्याण शिविर में 170 लाभान्वित

शिवपुरी, / जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में वरिष्ठजनों हेतु “Holistic Well-Being Camp” (समग्र स्वास्थ्य कल्याण शिविर) का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य की समग्र देखभाल करते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
आयोजित शिविर में कुल 170 वरिष्ठजन लाभान्वित हुए। सभी प्रतिभागियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें रक्तचाप (BP) जांच, वजन मापन तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं औषधि वितरण किया गया।
शिविर में विशेष रूप से जोड़ों के दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अस्थि दुर्बलता एवं पाचन संबंधी समस्याओं के संबंध में परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित योग एवं प्राणायाम के महत्व पर जानकारी दी गई। वरिष्ठजनों को मानसिक तनाव कम करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने एवं सामाजिक रूप से सक्रिय रहने हेतु प्रेरित किया गया।
शिविर में आयुष विभाग से डॉ.पवन राजपूत, डॉ.यशस्वी मेहता, डॉ.सुधा पटेल एवं डॉ.नीलकमल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा औषधि वितरण किया गया। शिविर के सफल संचालन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
Live Cricket Info








